Headlines

संपत्ति कर वसूली की धीमी गति पर निगमायुक्त हुए नाराज, मार्च अंत तक शत प्रतिशत वसूली के निर्देश

सौ से कम रसीद काटने  वाले कर संग्राहक का 7 दिन का कटेगा  वेतन रुकेगा  एक-एक इंक्रीमेंट

ग्वालियर । निगम मुख्यालय में  सोमवार को आयोजित बैठक में  संपत्ति कर वसूली की   समीक्षा कर रहे नगर निगम कमिश्न्नर संघप्रिय गौतम ने  लक्ष्य के अनुरूप सम्पत्तिकर वसूली न होने एवं संपत्ति कर वसूली की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए चारों विधानसभा क्षेत्र के उपायुक्तों को डेढ़ माह में शत प्रतिशत वसूली करने के निर्देश दिए। बैठक में एमआईसी सदस्य श्रीमती प्रेमलता  जैन, अपर आयुक्त  मुनीश सिकरवार, उपायुक्त डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव,  मुकेश बंसल,  उत्तम जखेनिया एवं रजनीश गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय ने संपत्ति कर वसूली की समीक्षा की तथा लक्ष्य के अनुरूप वसूली न होने पर संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी डेड माह में लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत वसूली करना है। जिन कर संग्रहकों ने जनवरी माह में 100 से कम रसीद काटी हैं उनके सात दिवस का वेतन काटने एवं एक-एक इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान एमआईसी सदस्य श्रीमती प्रेमलता धर्मेंद्र जैन ने कहा कि शिविर की जानकारी उन्हें भी दी जाए, जिससे वह भी निगम के संपत्ति कर वसूली में सहयोग प्रदान कर सकें।
बैठक में निगमायुक्त चारों विधानसभा के उपायुक्तों को निर्देशित किया बडे-बडे सम्पत्तिकर दाताओं से स्वयं सम्पर्क करें तथा उनसे सम्पत्ति कर जमा करायें अगर सम्पत्तिकर जमा करने में आनाकानी करते हैं तो तालाबंदी की कार्यवाही करें एवं सरकारी संपत्तियों से अभियान चलाकर वसूली करें जिससे लक्ष्य के अनुरूप सम्पत्तिकर वसूला जा सके। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि जिन वार्डों में नोटरी की संपत्ति अधिक है उन वार्डों में विशेष सम्पत्तिकर शिविर लगाकर वसूली करें एवं जो सम्पत्तिकर आईडी सही नहीं है उनको सात दिवस में ठीक करें।