Headlines

निःशुल्क प्रसादी वितरण के लिए अचलेश्वर भक्तों को मिले अनुमति, बुधवार को देंगे धरना

महाशिवरात्रि पर अचलेश्वर आने  भक्तों  के लिए  प्रशासन से  सुगम, निर्विघ्न वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करने की मांग

 

ग्वालियर, 10 फरवरी। “महाशिवरात्रि पर्व पर ग्वालियर के सबसे बड़े शिव मंदिर “श्री अचलेश्वर महादेव” पर लगने वाले विशाल मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की लाखों की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन एवं जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख़्ता इंतजाम किए जाएं। भीड़ की आवाजाही को सुगम एवं निर्विघ्न बनाने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए जाएं। पूर्व के आदेश में संशोधन कर श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को देखते हुए अचलेश्वर बाबा के भक्तों को निःशुल्क प्रसादी वितरण के लिए अचलेश्वर परिसर स्थित राम मंदिर के सामने त्रिशूल स्थली अथवा किसी अन्य जगह काउंटर लगाने की अनुमति दी जाए ताकि सुरक्षा के साथ परंपराओं का निर्वाहन भी हो सके।’

श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के पूर्व सूचना सचिव, ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया एवं बाबा अचलेश्वर के सैकड़ों भक्तों की मंगलवार को  मंदिर परिसर में बृहद बैठक हुई जिसमें  न्यास प्रमुख जस्टिस एनके मोदी एवं जिला प्रशासन से  विनम्र अनुरोध करते हुए सुझाव के साथ  मंदिर के  रिसीवर जस्टिस मोदी को इस संबध में  अनुरोध पत्र सौंपा है। अचलभक्तों ने एक स्वर मे मांग की  कि महाशिवरात्रि पर अचलेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की जरुरत  है ।लेकिन इस बार दशकों से यहां पर निःशुल्क प्रसादी वितरण का स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं दिया जाना अनुचित एवं धार्मिक भावनाओं के विरूद्ध है। बाबा के भक्तों ने अचलेश्वर परिसर में स्थित राममंदिर के बाहर त्रिशूलस्थली को निःशुल्क प्रसादी वितरण के काउंटर के लिए चयनित किया है। मंदिर प्रबंधन अपनी सुविधा अनुसार कोई अन्य स्थल भी स्वीकृत कर सकता है।

 

नगर की सभी धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं से धरना में शामिल होने की अपील

 

श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के पूर्व सूचना सचिव, ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया एवं अन्य भक्तों ने मंदिर रिसीवर एवं जिला प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि निःशुल्क प्रसादी वितरण के काउंटर के लिए उपयुक्त स्थल स्वीकृत नहीं किया गया तो  बुधवार को दोपहर 12 बजे से अचलेश्वर मंदिर परिसर में अचल बाबा के भक्तों द्वारा शांतिपूर्ण धरना देकर अपना विरोध ज्ञापित किया जाएगा। उन्होंने बाबा अचलेश्वर में आस्था रखने वाली नगर की अन्य सभी धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधिओ से भी इस धरना आंदोलन में सम्मिलित होने का आमंत्रण दिया है।