वीर पुर तक पटरियों पर दौडेगी रेल रेल संरक्षा आयुक्त ने सबलगढ़-बीरपुर नवनिर्मित ब्रॉड गेज रेल लाइन का किया निरीक्षण

 

संरक्षा सम्बंधित सभी बिन्दुओं का लिया जायजा

 

वीरपुर/सबलगढ़ 31।सबलगढ़ से बीरपुर आमान परिवर्तन के तहत नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन के दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार को रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वोत्तर क्षेत्र  प्रणजीव सक्सेना द्वारा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण)  राज कुमार वानखेड़े तथा मंडल रेल प्रबंधक अनिरूद्ध कुमार के साथ    विजयपुर हाल्ट से बीरपुर तक के रेलखंड  का वैधानिक निरीक्षण किया गया

रेल संरक्षा आयुक्त  प्रणजीव सक्सेना द्वारा मंडल एवं निर्माण संगठन के अधिकारियों के साथ मोटर ट्राली के माध्यम से दोनों स्टेशनों के मध्य नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उक्त रेल खंड के अंतर्गत आने वाले ट्रैक्शन, सिग्नल, ट्रैक, ट्रैक-पॉइंट्स आदि सभी इंस्टालेशन तथा उनकी कार्य क्षमता का गहनता से निरीक्षण किया गया I  गेट्स, स्विचिंग पॉइंट्स,  पॉइंट्स , सिग्नल सहित सभी संस्थापनों को आवश्यकतानुसार संचालित करते हुए परख की गयी। रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा सबलगढ़ से बीरपुर के मध्य आने वाले रेल अंडर ब्रिज, रेल ब्रिज आदि का गहनता से जांच किया। नवनिर्मित बीरपुर रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर पैनल और रिले रूम का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण उपरांत 120 किमी/घंटा की रफ्तार से बीरपुर से सबलगढ़ के मध्य सफल स्पीड ट्रायल किया गया।
अब इस खंड का शीघ्र ही प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर OHE और विद्युत संबंधित निरीक्षण करेंगे।

सबलगढ़ से बीरपुर तक रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के उपरांत अब ग्वालियर से श्योपुर कलां तक लगभग 188 किलोमीटर के आमान परिवर्तन के सिर्फ़ दो खंड बीरपुर से सिरोनी रोड 36.70 और सिरोनी रोड़ से श्योपुर कलां लगभग 33.350 किलोमीटर शेष है, जिसका कार्य तेज़ी से चल रहा है।
इस ब्रॉड गेज लाइन से झाँसी मंडल में ट्रेन संचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। नई रेल लाइन से अनाज के परिवहन को बल मिलेगा, साथ ही व्यापार की नई संभावनाएं खुलेंगी।

निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त के साथ मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री राजकुमार वानखेड़े, मुख्य सिग्नल इंजीनियर श्री दीपक कुमार सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण श्री एस.के.गुप्ता समेत अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।