Headlines

सम्पत्ति कर जमा न करने पर 12 भवनों पर की तालाबंदी, 25 लाख से अधिक सम्पत्तिकर कराया जमा

ग्वालियर22। नगर निगम ग्वालियर द्वारा सम्पत्तिकर वसूली के लक्ष्य हेतु लगातार बडे बकायेदारों से वसूली की कार्यवाही की जा रही है। जिसके तहत निगम के अधिकारियों द्वारा लगातार क्षेत्र में बडे बकायेदारों के यहां तालाबंदी की जा रही है जिसके तहत आज गुरुवार को लगभग 12 स्थानों पर बडे सम्पत्तिकर बकायेदारों के यहां तालाबंदी की गई। जिसमें लगभग 25 लाख रूपये सम्पत्तिकर बकायेदारों द्वारा जमा कराया गया। इसके साथ ही सभी बकायेदारों को चेतावनी दी गई है कि समय पर संपत्ति कर जमा करें अन्यथा उनके खिलाफ कुर्की की कार्यवाही की जाएगी।
अपर आयुक्त श्री मुनीष सिकरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय के निर्देशानुसार लक्ष्य के अनुरूप सम्पत्तिकर वसूलने के लिए बडे बकायेदारों के घर-घर जाकर सम्पत्तिकर वसूलने की कार्यवाही की जा रही है। जिसके तहत आज उपायुक्त डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव एवं श्री उत्तम जखेनिया नेतृत्व में अनेक स्थानों पर कार्यवाही की गई। जिसमें राजस्व निरीक्षक श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि उनके द्वारा तीन स्थानों पर तालाबंदी की गई। जिनसे 3.72 लाख सम्पत्तिकर मौके पर ही जमा कराया गया तथा एक भवन स्वामी की संपत्ति सील की गई। कार्रवाई के दौरान मदाखलत अधिकारी श्री सतेन्द्र भदौरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं वार्ड 50 में तालाबंदी की कार्यवाही की तो भवन स्वामी द्वारा 44035 रूपये सम्पत्तिकर नगद जमा कराया गया। इसके साथ ही वार्ड 21 गोले का मंदिर पर शांति देवी परिहार के भवन पर तालाबंदी के लिए पहुंचे भवन स्वामी द्वारा दो दिन में जमा करने का आश्वासन दिया गया। कार्रवाई के दौरान आरआई शशिकांत शुक्ला, श्री अजय जैन, टी सी श्री धनंजय, श्री राहुल तिवारी आदि उपस्थित रहे।

नोटरी अथवा काबिज के भवन का भी जमा कर सकते हैं सम्पत्तिकर

निगमायुक्त श्री संघ प्रिय के निर्देशानुसार अपर आयुक्त श्री मुनीश सिकरवार द्वारा बताया गया नगर निगम ग्वालियर द्वारा ऐसे सभी भवन स्वामियों को संपत्ति कर जमा करने का अवसर प्रदान किया है जिनके पास रजिस्ट्री ना होकर नोटरी इत्यादि है, ऐसे भवन स्वामी जो नोटरी के आधार पर टैक्स जमा नहीं कर पा रहे थे। क्षेत्रीय कार्यालय पर जाकर संपत्ति कर जमा कर सकते हैं।  जिन संपत्ति स्वामियों पर रजिस्ट्री नहीं है नोटरी अथवा काबिज है उनके भी संपत्ति कर वसूली हेतु सभी वार्डों में शिविर लगाए जा रहे हैं। ऐसे सभी भवन स्वामी अपने भवन की मलकियत नोटरी इत्यादि दिखाकर बिजली बिल, नल का बिल दिखाकर संपत्ति कर जमा कर सकते हैं।