दीपावली यूनेस्को सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल,भारत और दुनिया भर के लोग रोमांचित

दीपावली हमारी संस्कृति और लोकाचार से बहुत गहराई से जुड़ी है, यह हमारी सभ्यता की आत्मा है और प्रकाश एवं धार्मिकता का प्रतीक है: प्रधानमंत्री

नईदिल्ली । हिन्दूओं  के त्यौहार   दीपावली को   बुधवार को यूनेस्को ने  सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किया है। इसपर प्रतिक्रिया देते हुए  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रसन्नता और गर्व व्यक्त किया । वहीं उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने  भी प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह वैश्विक मान्यता प्रत्येक भारतीय के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दीपावली को  यूनेस्को की अमूर्त विरासत सूची में शामिल किये जाने पर प्रसन्नता और गर्व व्यक्त किया।

यूनेस्को के हैंडल एक्स पर एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री मोदी ने कहा:

‘‘भारत और दुनिया भर के लोग रोमांचित हैं।

हमारे लिए, दीपावली हमारी संस्कृति और लोकाचार से बहुत गहराई से जुड़ी हुई है। यह हमारी सभ्यता की आत्मा है। यह प्रकाश और धार्मिकता का प्रतीक है। दीपावली को यूनेस्को की अमूर्त विरासत सूची में शामिल करने से इस पर्व की वैश्विक लोकप्रियता और भी बढ़ेगी।

प्रभु श्री राम के आदर्श हमारा शाश्वत रूप से मार्गदर्शन करते रहें।

सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने कहा कि दीपावली केवल एक त्यौहार नहीं है, बल्कि एक सभ्यतागत परंपरा है जो राष्ट्र को एकजुट करती है और विश्व भर में गूंजती है। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारत की बहुसंस्कृतिवाद, विविधता और सामाजिक एकता का प्रतीक है, साथ ही आशा, सद्भाव और अंधकार पर प्रकाश तथा अधर्म पर धर्म की विजय का शाश्वत संदेश भी देता है।

श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मानवता के लिए इसके चिरस्थायी संदेश का प्रतीक है।