Headlines

दो माह तक गुलजार रहे ग्वालियर व्यापार मेले का समापन

31 हजार वाहन बिके, राजस्व में रिकॉर्ड बढ़ोतरी; सफल आयोजन के लिए अधिकारियों का सम्मान

समापन समारोह में सुंदरकांड, भजन व मंगल आरती संभागीय आयुक्त एवं कलेक्टर रहे मौजूद

ग्वालियर26।दो माह तक सैलानियों और व्यापारियों के आकर्षण का केन्द्र रहे श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला का बुधवार को भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन सांध्यवेला में सांस्कृतिक मंच पर संगीतमय सुंदरकांड और भजनों की प्रस्तुति के साथ आध्यात्मिक माहौल बना, जिसके बाद संभाग आयुक्त श्री मनोज खत्री, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सहित अधिकारियों और मेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने सामूहिक मंगल आरती कर मेले को विदाई दी। इस अवसर पर मेला आयोजन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभागीय अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, अपर आयुक्त श्री टी. प्रतीक राव, मेला अधिकारी एवं एसडीएम श्री अतुल सिंह, अपर आयुक्त श्री प्रदीप तोमर, श्री मुनीष सिंह सिकरवार, एसडीएम लश्कर श्री नरेन्द्र बाबू यादव, मेला सचिव श्री सुनील त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी तथा मेला व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री महेन्द्र भदकारिया व सचिव श्री महेश मुद्गल मौजूद रहे।
संभाग आयुक्त श्री मनोज खत्री ने कहा कि इस वर्ष दुकानों का ऑनलाइन आवंटन कर पारदर्शिता सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि सामने आई कमियों को दूर कर अगले वर्ष मेले को और बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही व्यापारियों के सुझाव लेकर पुरानी दुकानों के नवीनीकरण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मेला प्रबंधन, व्यापारियों, सैलानियों और मीडिया के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि सभी के साझा प्रयासों और ईश्वर की कृपा से मेला निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार जताया।
नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने कहा कि मेले के माध्यम से उन्हें अपने सेवाकाल में एक बड़े और व्यवस्थित आयोजन का महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुआ। प्रारंभ में मेला अधिकारी श्री अतुल सिंह ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि मेला 25 दिसंबर से प्रारंभ होकर निर्धारित तिथि 25 फरवरी को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर की प्रस्तुति से हुई, जिसके बाद अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, महिला कवि सम्मेलन, वायुसेना बैंड सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले में 2408 दुकानों का आवंटन किया गया, जिनमें 296 नए व्यापारियों ने भागीदारी की। पिछले वर्ष की तुलना में एक करोड़ से अधिक की वृद्धि के साथ कुल चार करोड़ रुपये से अधिक राजस्व प्राप्त हुआ। मोबाइल सेक्टर में लगभग 100 करोड़ रुपये की छूट के साथ कुल 31 हजार वाहनों की बिक्री हुई, जिनमें 17 हजार चार पहिया और 14 हजार दोपहिया वाहन शामिल हैं।
मेला व्यापारी संघ के सचिव श्री महेश मुद्गल ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया और आगामी मेले के लिए उपयोगी सुझाव दिए।
अंत में मेला सचिव श्री सुनील त्रिपाठी ने सभी का आभार माना। कार्यक्रम का संचालन श्री एस.बी. ओझा ने किया।