भोपाल 25। राजधानी भोपाल में नौकरी के लिए परेशान युवतियों को काम दिलाने के बहाने फंसाकर देह व्यापार के दलदल में धकेलने और धर्मांतरण करने का बड़े मामले का खुलासा हुआ है. गिरोह की मुख्य आरोपी दो सगी बहनों और एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरोह के नामजद 3 और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया वे युवतियों को फंसाकर गुजरात व महाराष्ट्र के कई शहरों में अमीर घरानों के युवकों के लिए सप्लाई करते थे.
झुग्गी बस्ती से आलीशान लाइफ स्टाइल
भोपाल की बागसेवनिया पुलिस को पड़ताल में ये भी पता चला है कि आरोपी दोनों सगी बहनें पहले झुग्गी बस्ती में रहती थी लेकिन इस अवैध धंधे में इतनी अफरात कमाई हुई कि वे आलीशान बंगले में रहने लगी. इसी बंगले से लड़कियों की सप्लाई की जाती थी. गिरोह का गिरफ्तार आरोपी चंदन रायसेन बाड़ी बरेली का रहने वाला है. भोपाल आने से पहले वह छोटे-मोटे काम करता था. कुछ दिनों बाद वह शाहपुरा और चूनाभट्टी क्षेत्र के एक स्पा में नौकरी करने लगा. वह 3 साल तक मुख्य आरोपी अमरीन के साथ लिव-इन में रहा.
हाई प्रोफाइल लाइफ स्टाइल का सपना दिखा देह व्यापार
दोनों सगी बहनें अमरीन और आफरीन ने पुलिस को बताया “वे गरीब घरों की लड़कियों को टारगेट करती थीं. मदद के नाम पर घरेलू काम के लिए रखती थीं. फिर हाई प्रोफाइल लाइफ स्टाइल का सपना दिखाकर उन्हें अमीर युवकों के हवाले करती थीं. इस मामले में फरार आरोपी बिलाल, चानू और यासिर की पुलिस टीम तलाश में जुटी है. पुलिस ने अमरीन, आफरीन और चंदन के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं. तीनों के मोबाइल में कई संदिग्ध वॉट्सएप ग्रुप मिले हैं. उसमें कई युवतियों के फोटो भी हैं. माना जा रहा है कि इस रैकेट में और भी कई लोग शामिल हो सकते हैं.
कैसे हुआ मामले का खुलासा
सबसे पहले एक सामने आई. वह छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की रहने वाली है. युवती ने भोपाल के बागसेवनिया पुलिस थाने में दी गई शिकायत में बताया “31 दिसंबर 2024 को एक बर्थडे पार्टी के दौरान शाहपुरा इलाके के होटल में उसकी पहचान एक युवती से हुई. पहली मुलाकात में दोनों के बीच दोस्ती हो गई. इसके बाद वह एक साथ भोपाल में रहने लगी. एक साल तक साथ रहने के बाद दोनों भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में रहने वाली अमरीन उर्फ माहिरा के घर में शिफ्ट हो गईं.”
शॉर्ट कपड़े पहनाकर पब लाउंज में ले जाती थीं
पीड़िता ने पुलिस को बताया “अगस्त 2025 में अमरीन का परिचित चंदन उसे अपनी बहन से मिलाने के लिए ले गया और डरा-धमका कर उसके साथ दुष्कर्म किया. इस दौरान चंदन ने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो वह उसे बदनाम कर देगा. वह बदनामी की डर से चुप रही. इसी बात का फायदा उठाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म हुआ.” पीड़िता का आरोप है कि इस बीच उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया. इस दौरान शॉर्ट कपड़े पहनकर और पब लाउंज में ले जाया गया और अनजान लोगों से मुलाकात करवाई गई.”
नशीला पदार्थ देकर किया दुष्कर्म
पीड़िता ने पुलिस को बताया “पिछले साल अमरीन उसे भोपाल के गांधीनगर में रहने वाले अपने परिजनों से मिलवाने लेकर गई थी. वहां अमरीन के भाई बिलाल ने नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. दिसंबर 2025 में अमरीन उसे काम के बहाने से अहमदाबाद लेकर गई थी. वहां यासिर नाम के युवक से उसकी मुलाकात करवाई गई.”
पीड़िता के अनुसार “अहमदाबाद में यासिर ने उसके साथ संबंध बनाए. लगातार प्रताड़ना झेलने के बाद जनवरी 2026 में वह छत्तीसगढ़ शिफ्ट हो गई. वहां वह कुछ दिन अपने मामा के घर पर रही और उसने मामा को पूरी आपबीती बताई. उसके बाद वह मामा के साथ भोपाल पहुंचकर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला दर्ज करवाया.”
पुलिस के सामने दूसरी पीड़िता भी आई सामने
छत्तीसगढ़ की ब्यूटीशियन से हुए दुष्कर्म के बाद एक और पीड़िता सामने आई है. उसने भी अपने साथ दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज करवाई है. उसने शिकायत में बताया कि वह शादी की पार्टियों में वेटर का काम करती थी. कुछ महीने पहले उसकी पहचान अमरीन से हुई थी. अमरीन ने उसको भरोसा दिया कि वह उसे अच्छी तनख्वाह देगी और बदले में उसके घर का कामकाज करना होगा. वेटर का काम करने वाली पीड़िता ने अमरीन का जॉब ऑफर स्वीकार कर लिया. कुछ दिन तक पीड़िता अशोका गार्डन स्थित अपने घर से अमरीन के घर तक आना-जाना करती रही. अमरीन उससे घरेलू कामकाज करवाती थी.
काम दिलाने के बहाने देह व्यापार में धकेला
दूसरी पीड़िता के अनुसार “अमरीन ने उसे अपने घर में रहने की सलाह दी. इसके बाद वह बागसेवनिया स्थित अमरीन के घर में शिफ्ट हो गई. एक दिन अमरीन के घर पर चंदन ने उसके साथ दुष्कर्म किया. उसके बाद चानू और यासिर ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद उसे देह व्यापार के दलदल में धकेला गया.” इस मामले में एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया “एफआई आर दर्ज कर ली गयी है. मामले की जांच की जा रही है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.”
हिंदूवादी संगठनों ने प्रदर्शन किया
इस मामले को लेकर बागसेवनिया पुलिस थाने में हिंदूवादी संगठनों ने प्रदर्शन किया. बजरंग दल का आरोप है कि इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है. विहिप के जिला सह मंत्री विशाल पटेल का कहना है “ऐसे लोगों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जाए.” वहीं, बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी का कहना है “दो युवतियों के बयान और शिकायत के आधार पर 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर दिया गया है.”

