Headlines

एनर्जी ऑडिट की वर्तमान कार्यवाही से बचे 9.01 करोड़ रुपये नगर निगम ग्वालियर को बड़ी राहत, कार्य पूरा होते ही 30 करोड़

ग्वालियर 23। नगर निगम ग्वालियर द्वारा विद्युत व्यय में कमी लाने तथा वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गत चार माह से व्यापक स्तर पर एनर्जी ऑडिट की कार्यवाही की जा रही है। इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं और अब तक की कार्यवाही से लगभग 9.01 करोड़ रुपये की वार्षिक बचत सुनिश्चित हो चुकी है। आगामी दो माह में शेष कार्यवाही पूर्ण होने पर कुल लगभग 30 करोड़ रुपये की वार्षिक बचत संभावित है।
सहायक यंत्री रामबाबू दिनकर ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय के निर्देशन में नगर निगम ग्वालियर द्वारा एनर्जी ऑडिट किया जा रहा है जिसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। नगर निगम के अंतर्गत वर्तमान में 18 एच.टी. (हाई टेंशन) एवं 3651 एल.टी. (लो टेंशन) विद्युत कनेक्शन संचालित हैं, जिनका औसत मासिक विद्युत बिल लगभग 10.95 करोड़ रुपये है। वहीं, निगम को चुंगी क्षतिपूर्ति के रूप में मात्र 15.57 करोड़ रुपये प्रतिमाह प्राप्त होते हैं। 60.08 करोड़ रुपये के पूर्व एरियर एवं उच्च विद्युत व्यय के कारण चुंगी क्षतिपूर्ति से विद्युत बिल की कटौती की जा रही थी, जिससे निगम को सीमित राशि प्राप्त हो रही थी।
उक्त परिस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा सुनियोजित ऊर्जा प्रबंधन की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।

एच.टी. कनेक्शनों में सुधारात्मक कार्यवाही

अब तक 08 एच.टी. कनेक्शनों में कॉन्ट्रेक्ट डिमांड कम कराई गई है, जिससे 1.25 करोड़ रुपये की वार्षिक बचत प्रारंभ हो चुकी है। शेष 02 कनेक्शनों में कार्यवाही प्रगतिरत है।
06 एच.टी. कनेक्शनों में पावर फैक्टर 0.95 से कम पाए जाने पर ओ.एंड एम. वेंडर को आवश्यक सुधार हेतु निर्देशित किया गया है, जिससे 49.67 लाख रुपये की वार्षिक बचत संभावित है।
इसके अतिरिक्त 03 एच.टी. कनेक्शनों में टैरिफ परिवर्तन हेतु म.प्र. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, ग्वालियर को पत्र प्रेषित किया गया है, जिससे 22 लाख रुपये की वार्षिक बचत होगी।

एल.टी. कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर स्थापना

648 एल.टी. कनेक्शनों में स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें से 544 कनेक्शनों में वास्तविक खपत के आधार पर बिल प्राप्त होने लगे हैं। पूर्व में इन कनेक्शनों पर औसत बिल जारी किए जाते थे। इस पहल से 7.76 करोड़ रुपये की वार्षिक बचत प्रारंभ हो चुकी है।
शेष एल.टी. कनेक्शनों में आगामी दो माह में स्मार्ट मीटर स्थापना पूर्ण की जाएगी, जिससे न्यूनतम 20 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वार्षिक बचत संभावित है।

वित्तीय सुदृढ़ता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

इस प्रकार एनर्जी ऑडिट की वर्तमान कार्यवाही से 9.01 करोड़ रुपये की वार्षिक बचत सुनिश्चित हो चुकी है तथा शेष कार्य पूर्ण होने पर कुल लगभग 30 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष की बचत होगी। यह पहल नगर निगम ग्वालियर की वित्तीय सुदृढ़ता, पारदर्शिता एवं ऊर्जा दक्षता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।