सीएण्डडी एवं गंदगी फैलाने वालों से वसूला 15 हजार रूपये से अधिक का जुर्माना
ग्वालियर ।- नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत ग्वालियर में वायु सुधार हेतु जन जागरूकता कार्य के अंतर्गत मेगा ड्राइव फॉर माइक्रो डस्ट क्लीनिंग प्रोग्राम के तहत गुरूवार को यूनीपेच फैक्ट्री रोड तिराहा से गोले का मंदिर तक अभियान चलाकर रोड की सफाई की गई तथा सड़क पर सीएण्डडी, धूल मिट्टी एवं गंदगी पर जुर्माने की कार्यवाही करते हुए 15550 रूपये का जुर्माना किया गया।
अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत ग्वालियर में वायु सुधार हेतु जन जागरूकता कार्य के अंतर्गत मेगा ड्राइव फॉर माइक्रो डस्ट क्लीनिंग प्रोग्राम अंतर्गत मुख्यमार्ग एवं उनको जोड़ने वाली सड़कों पर निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट व ठोस अपशिष्ट के संग्रहण करने, मुख्य मार्गों पर पेच रिपेयरिंग व सफाई करने, अतिक्रमण हटाने, सीवरेज एवं पेय जल से संबंधित स्थल पर व्याप्त समस्याओं (पाइप लाइन की लीकेज, सीवरेज के ओवरफ्लो) का निराकरण करने तथा आम नागरिकों को खुले में कचरा न फेंकने, कचरा न जलाने, गीला-सूखा कचरा पृथक-पृथक करने, कचरे के संग्रहण हेतु डोर-टू-डोर संचालित वाहनों में कचरा देने, पाइप लाइन में लीकेज होने और सीवरेज के ओवरफ्लो होने की जानकारी नगर निगम के संबंधित प्राधिकारी को अवगत कराए जाने, नागरिकों के द्वारा किए जा रहे निजी निर्माण स्थल पर जनित अनुपयोगी निर्माण सामग्री को खुले में सड़कों पर नहीं फेंकने, कराए जा रहे निर्माण में उपयोग हो रही निर्माण सामग्री (रेत, गिट्टी व ईंट) को नागरिकों के द्वारा सड़कों पर न रखनें हेतु जागरूक किए जाने हेतु अभियान चलाया जा रहा है।
सफाई अभियान के वार्ड 21 एवं 20 के अंतर्गत मेगा ड्राइव के चलते सफाई अभियान के साथ-साथ जुर्माना कार्रवाई भी की गई। जिसमे सड़क पर सीएण्डडी, धूल मिट्टी एवं गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना कार्रवाई कर 15550 रुपए का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी श्री भीष्म पम्मानी, डिवाइन की सदस्य श्रीमती दीपाली पांडे, श्रीमती ज्योति चौहान, जोनल ऑफिसर, जोनल हेल्थ ऑफीसर, वार्ड हेल्थ ऑफीसर, सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

