भोपाल9 अप्रेल। महाकुंभ मेले के दौरान चर्चा में आई महेश्वर निवासी मोनालिसा की अन्तरधर्मी शादी के मामले में मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने सख्त रुख अपनाते हुए खरगोन पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी किया है। आयोग ने सात दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, 27 मार्च को आयोग को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में बताया गया कि महाकुंभ 2025 के दौरान मोनालिसा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उसने अपनी उम्र करीब 16 वर्ष बताई थी। इसके बावजूद केरल में उसकी शादी होने की बात सामने आने से मामले में संदेह गहरा गया है। शिकायत में यह भी आशंका जताई गई है कि उम्र से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी की गई हो सकती है। साथ ही विवाह में दबाव, धोखाधड़ी या पहचान छिपाने जैसे गंभीर पहलुओं की जांच की मांग उठाई गई है। आयोग ने प्रारंभिक रूप से इसे मानवाधिकारों के संभावित उल्लंघन से जुड़ा मामला माना है।

